आजमगढ़। पानी भरे गड्ढे में मछली का शिकार करने गए 40 वर्षीय राजगीर की पानी में डूब जाने से मौत हो गई। गुरुवार की सुबह घटना के दूसरे दिन मृतक का शव बरामद किया गया। जहानागंज क्षेत्र के असोना ग्राम निवासी वंशी राजभर (40) पुत्र पतिराम परिवार की आजीविका चलाने के लिए राजगीर का कार्य करता था। बुधवार को काम न मिलने पर घर पर मौजूद वंशी दोपहर में मछली का शिकार करने के लिए निकला था। गांव के पास से गुजर रहे सिक्स लेन सडक़ निर्माण के चलते मशीन से किए गए गड्ढे में पानी भरा हुआ था। पानी भरे गड्ढे में मछली का शिकार करते समय वंशी पानी में गिर पड़ा तैरना न आने के कारण उसकी मौत हो गई। इस घटना से मृतक के घर कोहराम मचा हुआ है। मृतक के तीन पुत्र व तीन पुत्री बताए गए हैं। राजगीर की मौत के बाद उसके घर में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पानी में डूबने से राजगीर की मौत