विधायक चौधरी ने पात्रों को दिया स्वीकृति प्रमाण पत्र


जौनपुर के मुफ्तीगंज में आयोजित कार्यक्रम में पात्रों को स्वीकृति प्रमाण पत्र देते विधायक दिनेश चन्द्र चौधरी।


जौनपुर। प्रदेश सरकार सभी लोगों का ध्यान रखकर ही काम कर रही है। प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ का कहना है कि प्रदेश की पूर्व सरकारों द्वारा मुसहर जाति के लोगों को हमेशा नजरअंदाज किया गया है। इसे देखते हुये हमारी सरकार ने इनके लिये अलग से आवास दिया है। वहीं हमारे मुखिया की मंशा है कि एक भी पात्र आवास से वंचित न रह जाय। अब प्रदेश के एक भी पात्र व्यक्ति सरकारी लाभ से वंचित नही रहेगा। उक्त बातें मुफ्तीगंज ब्लाक परिसर में आयोजित जनकल्याणकारी विकास शिविर में पात्रों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित करते समय क्षेत्रीय विधायक दिनेश चन्द्र चौधरी ने बतौर मुख्य अतिथि कही।


     इस दौरान 36 को विधवा, 7 वृद्धा को पेंशन, 201 को मुख्यमंत्री आवास का स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किया गया। इसी क्रम में विशिष्ट अतिथि उपजिलाधिकारी केराकत चन्द्र प्रकाश पाठक ने बताया कि पिछले 4 वर्षों से जिन लोगों की वरासत नहीं हुई थी, उनमें से अब कुल 1375 लोगों का वरासत कर दिया गया है। अब लोगों को वरासत के लिये तहसील का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। अन्त मे खण्ड विकास अधिकारी मुफ्तीगंज एसबी सिंह ने कहा कि अभी 105 पात्रों की सूची बनाकर जिला मुख्यालय पर भेज दी गयी है जो जल्द ही स्वीकृत हो जायेगा। कार्यक्रम का संचालन संजय श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर संजय श्रीवास्तव, अनूप दीक्षित, हवलदार यादव, अम्बिकेश्वर सिंह, सुभाष सरोज, संजय कुमार, रंजीत सिंह सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।